BREAKING
FAC News
Back

रानीपुर में नहर में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, क्षेत्र में फैली सनसनी; शिनाख्त की कवायद में जुटी पुलिस

Fariyad Ali | | views
रानीपुर में नहर में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, क्षेत्र में फैली सनसनी; शिनाख्त की कवायद में जुटी पुलिस

भगहरिया गांव के पास नहर में उतराता दिखा 35–40 वर्षीय शव, ग्रामीणों की सूचना पर मय फोर्स पहुंचे थाना प्रभारी, पंचनामा भरकर शुरू की जांच


ब्यूरो रिपोर्ट: फरियाद अली


बहराइच (उत्तर प्रदेश)।

जनपद बहराइच के थाना रानीपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत अहिराटाड़ के मजरा भगहरिया स्थित नहर में सोमवार को करीब 35 से 40 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। नहर में शव उतराता देख राहगीरों और खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों के होश उड़ गए। देखते ही देखते घटनास्थल पर सैकड़ों ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल इसकी सूचना रानीपुर पुलिस को दी।


सूचना पाकर थाना प्रभारी रानीपुर हरेंद्र नाथ राय, वरिष्ठ उप-निरीक्षक रामकेश और उप-निरीक्षक दिनेश यादव मय पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया और घटनास्थल का सघन मुआयना किया। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर विधिक लिखा-पढ़ी की प्रक्रिया शुरू की।


फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। मृतक का हुलिया और उम्र करीब 35 से 40 वर्ष के आसपास आंकी जा रही है। पुलिस द्वारा शव की शिनाख्त के लिए आसपास के थानों, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और अन्य डिजिटल माध्यमों पर फोटो व जरूरी विवरण प्रसारित कराए जा रहे हैं, ताकि उसके परिजनों या परिचितों तक सूचना पहुंच सके।


उधर, मौके पर 'फाइट अगेंस्ट क्रिमिनल' न्यूज़ की टीम ने भी ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। नहर में शव मिलने को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं। यह हादसा है या किसी ने वारदात को अंजाम देकर शव को नहर में बहा दिया है, यह पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। थाना प्रभारी हरेंद्र नाथ राय ने बताया कि शव की शिनाख्त के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं और सभी आवश्यक कानूनी पहलुओं पर गहनता से छानबीन जारी है।

How did you feel about this news?

Related News

Comments

Loading comments...

Related News