रायगढ़: महाराष्ट्र के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल रायगढ़ के दिवेआगर बीच से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ समुद्र में नहाने गए पुणे के 8 छात्रों की डूबने से मौत हो गई है। ये सभी छात्र पुणे के आलंदी इलाके में स्थित एक निजी कोचिंग संस्थान, 'विनर्स एकेडमी' के बताए जा रहे हैं।
पुलिस और स्थानीय प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक, इस निजी कोचिंग क्लास से 48 लोगों का एक समूह शैक्षणिक भ्रमण और पिकनिक के लिए पुणे से रायगढ़ के दिवेआगर आया था। इस समूह में 25 छात्र, 17 छात्राएं और 6 शिक्षक शामिल थे।
गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे जब छात्र समुद्र तट पर घूम रहे थे, तब कुछ छात्र नहाने के लिए पानी में उतर गए। इसी दौरान समुद्र में पानी की गहराई और तेज लहरों के बहाव का सही अंदाजा न लग पाने के कारण 8 छात्र गहरे पानी में फंस गए और तेज धाराओं के साथ बह गए।
छात्रों को डूबता देख वहां मौजूद लोगों ने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय ग्रामीणों, प्रशासन और वहां मौजूद वॉटर स्पोर्ट्स की टीमों ने तुरंत मोर्चा संभाला। अपनी जान जोखिम में डालकर रेस्क्यू टीम ने काफी मशक्कत के बाद सभी आठों छात्रों के शवों को समुद्र से बाहर निकाला।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। सभी मृत छात्रों के शवों को पंचनामा और आवश्यक कानूनी व चिकित्सीय प्रक्रियाओं के लिए बोरली पंचतन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) भेज दिया गया है।
पिकनिक की खुशियों के बीच अचानक हुए इस भीषण हादसे की खबर जैसे ही छात्रों के परिजनों तक पहुंची, पुणे के आलंदी इलाके और पीड़ितों के घरों में कोहराम मच गया। जहाँ बच्चे सुनहरे भविष्य की यादें संजोने गए थे, वहाँ से इस दुखद खबर ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। पुलिस प्रशासन मामले की आगे की जांच कर रहा है।

Loading comments...