वसई-विरार (महाराष्ट्र): सोशल मीडिया पर वायरल होने और रील बनाने के जुनून में एक 21 वर्षीय युवक ने अपनी जान जोखिम में डाल दी। हाथ में पकड़कर स्काई शॉट पटाखा जलाने की कोशिश के दौरान पटाखा हाथ में ही फट गया। इस हादसे में युवक का हाथ बुरी तरह जख्मी हो गया और डॉक्टरों को उसकी जान बचाने के लिए करीब साढ़े पांच घंटे तक सर्जरी करनी पड़ी।
घायल युवक की पहचान 21 वर्षीय विनीत कुमार के रूप में हुई है, जो पेशे से लेबर कॉन्ट्रैक्टर है और मधुबन बिल्डिंग परिसर में काम करता है। जानकारी के अनुसार, विनीत सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के लिए एक खतरनाक स्टंट वाली रील बनाना चाहता था। इसी चक्कर में उसने आसमान में जाकर फटने वाले 'स्काई शॉट' पटाखे को जमीन पर रखने के बजाय अपने हाथ में पकड़कर जलाया।
आसमान के बजाय हाथ में हुआ जोरदार धमाका
स्काई शॉट पटाखे को जमीन पर रखकर जलाने के लिए बनाया जाता है ताकि वह ऊपर आसमान में जाकर फटे। लेकिन विनीत ने इसे हाथ में ही पकड़े रखा। पटाखा जलाते ही उसमें तेज धमाका हुआ और वह उसके हाथ में ही फट गया। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि युवक के हाथ में गंभीर चोटें आईं।
साढ़े पांच घंटे चली सर्जरी
हादसे के तुरंत बाद घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया। चोट की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों की टीम ने करीब साढ़े पांच घंटे तक उसका ऑपरेशन किया और उसके हाथ में 72 टांके लगाए। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, फिलहाल युवक की हालत स्थिर बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है।

Loading comments...