अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 15 लाख रुपये बताई गई कीमत, पुलिस और SSB की संयुक्त कार्रवाई
ब्यूरो रिपोर्ट फरियाद अली
उ.प्र. बहराइच, 7 अक्टूबर। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में रुपईडीहा पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (SSB) को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने रुपईडीहा चेकपोस्ट पर चेकिंग के दौरान एक नेपाली महिला को 1.290 किलोग्राम अवैध अफीम के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये है।
पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी और क्षेत्राधिकारी नानपारा चित्रांशु गौतम के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक रुपईडीहा हरेन्द्र कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम को यह सफलता मिली।
पुलिस के मुताबिक, 6 अक्टूबर 2026 को रुपईडीहा थाना पुलिस और SSB की संयुक्त टीम रुपईडीहा चेकपोस्ट पर संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक नेपाली महिला की तलाशी ली गई। उसके कब्जे से 1.290 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। पूछताछ के बाद महिला को हिरासत में लेकर आवश्यक कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार महिला की पहचान मनिषा बूढ़ा थोकी पत्नी धर्मजीत विश्वकर्मा, उम्र 38 वर्ष, निवासी पुथा उत्तरगंगा गुनमा-4, जिला रुकुम, नेपाल के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ थाना रुपईडीहा में मु0अ0सं0 275/2026, धारा 8/18(C) एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी महिला को न्यायालय बहराइच भेज दिया गया।
पुलिस ने अफीम के अलावा आरोपी महिला के कब्जे से एक एंड्राइड मोबाइल फोन, 220 रुपये भारतीय मुद्रा और 420 रुपये नेपाली मुद्रा भी बरामद की है। बरामदगी और गिरफ्तारी की कार्रवाई में थाना रुपईडीहा पुलिस तथा SSB की संयुक्त टीम शामिल रही।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रमेश यादव, आरक्षी दीपचन्द यादव और विकास प्रजापति शामिल रहे। वहीं SSB की टीम में निरीक्षक अभिषेक कुमार त्रिपाठी, आरक्षी जीडी सचिन कुमार, महिला आरक्षी जीडी गगना, महिला आरक्षी जीडी कुमारी अनितु और डॉग हैंडलर आरक्षी जीडी प्रवीण कुमार शामिल रहे।
भारत-नेपाल सीमा पर लगातार मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए चेकिंग और निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। रुपईडीहा चेकपोस्ट पर हुई इस कार्रवाई को सीमा क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस और SSB की संयुक्त कार्रवाई की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

Loading comments...