उ.प्र. बहराइच। थाना रुपईडीहा क्षेत्र में 22/23 सितंबर की रात पुलिस और संदिग्ध वाहन चोरों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि उसके दो साथी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। घायल आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें जंगल में लगातार कांबिंग कर रही हैं।
पुलिस के अनुसार, जनपद में वाहन चोरी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक बहराइच श्री विश्वजीत श्रीवास्तव ने पुलिस टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। इसी क्रम में 22/23 सितंबर की रात प्रभारी निरीक्षक रुपईडीहा पुलिस टीम के साथ आईसीपी मोड़ से पचपोखरी जाने वाले मार्ग पर मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि रंजीतबोझा के जंगल में कुछ संदिग्ध व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ मौजूद हैं और उन्हें नेपाल ले जाने की फिराक में हैं।
सूचना के बाद पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस के मुताबिक, टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। खुद को घिरता देखकर संदिग्धों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की और जंगल की ओर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा।
पुलिस के अनुसार, घायल आरोपी की पहचान अब्दुल उर्फ अब्दुल सलाम पुत्र बाबू उर्फ जलील खान, निवासी सीतापुरवा सहजना, थाना रुपईडीहा, जनपद बहराइच के रूप में हुई है। उसके पास से एक पिस्टल, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद होने की बात पुलिस ने कही है। पुलिस के अनुसार, घायल आरोपी के विरुद्ध पूर्व से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
मुठभेड़ के दौरान फरार हुए दोनों आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें जंगल में लगातार कांबिंग कर रही हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक बहराइच श्री विश्वजीत श्रीवास्तव सहित पुलिस के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों और पुलिस टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई पुलिस द्वारा की जा रही है।

Loading comments...