१७ साल की लड़की ने २३वीं मंजिल से लगाई छलांग
FAC News Desk
|
|
— views
१७ साल की लड़की ने २३वीं मंजिल से लगाई छलांग…………
मुंबई…मुंबई की ऊंची इमारतें इन दिनों जानलेवा साबित हो रही हैं। आए दिन युवक-युवतियां इन हाईराइज इमारतों से कूदकर आत्महत्या कर रहे हैं। आश्चर्य की बात यह है कि पिछले ६ महीनों में ४ लोगों ने एक ही परिसर की ऊंची बिल्डिगों से छलांग लगाकर खुदकुशी की है। यही वजह है कि गोरेगांव स्थित ओबेरॉय परिसर काफी चर्चा में है। अब यहां पर १७ साल की छात्रा के २३ मंजिला से कूदकर सुसाइड कर लेने से एक बार फिर हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, मुंबई के नामचीन कॉलेज की ११ वीं की छात्रा गुरुवार दोपहर अपने घर में थी। उस वक्त छात्रा की मां, नाना और नानी भी मौजूद थे। अचानक छात्रा बेडरूम की खिड़की की तरफ गई और २३ वीं मंजिल से छलांग लगा दी। छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जाता है कि मृत छात्रा के पिता एक बड़े बिल्डर हैं। पुलिस ने बताया कि छात्रों के कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। बता दें कि इससे पहले ओबेरॉय परिसर स्थित इमारतों से कूदकर कई लोगों ने सुसाइड किया है।
पहले की हुईं घटनाएं
-जुलाई महीने में ओबेरॉय स्कवेअर बिल्डिंग की ४५ वीं मंजिल से २२ वर्षीय युवक ने जान दे दी थी।
-मई महीने में १७ वर्षीय स्कूली छात्र ने ३५ वीं मंजिल से छलांग लगा दी थी।
-इसी तरह एक और लड़की ने ४० वीं मंजिल से जंप कर आत्महत्या कर ली थी।
ओबेरॉय में बढ़ती आत्महत्याओं की घटनाओं से डर का माहौल
गोरेगांव स्थित ओबेरॉय परिसर में आए दिन हो रही आत्महत्या की घटनाओं से उक्त स्थान पर डर का माहौल भी व्याप्त हो गया है। यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर यहां की हाईराइज इमारतों से कूदकर युवक-युवतियां क्यों अपनी जान दे रहे हैं।
आश्चर्य की बात तो यह है कि सुसाइड के पीछे का सही कारण भी पता नहीं लग पा रहा है। इसके अलावा अन्य जगहों पर भी गगनचुंबी इमारतों से कूदकर सुसाइड करने की कई घटनाएं हो चुकी हैं। विक्रोली स्थित ऊंची इमारत में २३ वर्षीय युवती रहती थी। मई महीने में उसने अचानक से २५ वीं मंजिल से छलांग लगा दी। युवती नीचे खड़ी मोटरसाइकिल पर गिरी थी, जिसमें उसके शरीर के दो टुकड़े हो गए थे। पिछले महीने यानी कि जुलाई में एक एक्ट्रेस के १४ साल के बेटे ने ५१ वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। ऊंची इमारतें शहर की शोभा बढ़ाने के साथ-साथ सुविधाएं देती हैं, लेकिन ये अब जानलेवा भी साबित हो रही हैं।
How did you feel about this news?

Loading comments...