सांगली: मिरज-पंढरपुर महामार्ग पर तानंग फाटा से मालगांव जाने वाले मार्ग पर स्थानीय अपराध अन्वेषण शाखा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 300 किलो तैयार गांजा जब्त किया। इस मामले में मंगेश प्रकाश मोरे (46), निवासी बोरजाईवाड़ी, तहसील कोरेगांव, जिला सातारा को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गांजा, कंटेनर और मोबाइल फोन समेत कुल 1 करोड़ 75 लाख 10 हजार रुपये का मुद्देमाल बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त को गांजे की तस्करी किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने तानंग फाटा के पास जाल बिछाकर अशोक लेलैंड कंटेनर (NL 01 AD 9366) को रोका। कंटेनर के चालक केबिन में बने एक गुप्त कप्पे की तलाशी लेने पर खाकी रंग की चिपकने वाली टेप से लिपटे 150 पैकेट मिले। जांच में इन पैकेटों में करीब 300 किलो गांजा होने की पुष्टि हुई।
प्राथमिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह यह गांजा ओडिशा के बालेगोडा-तुंबडी क्षेत्र के एक खेत से लेकर पुणे जिले में बिक्री के लिए ले जा रहा था। गांजा किसे और कहां पहुंचाया जाना था, इस संबंध में पुलिस आगे जांच कर रही है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 1.50 करोड़ रुपये मूल्य का गांजा, 25 लाख रुपये का कंटेनर और 10 हजार रुपये का मोबाइल फोन, कुल 1 करोड़ 75 लाख 10 हजार रुपये का मुद्देमाल जब्त किया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक तुषार दोशी और अपर पुलिस अधीक्षक कल्पना बारवकर के निर्देश पर स्थानीय अपराध अन्वेषण शाखा के पुलिस निरीक्षक संजीव झाडे के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस निरीक्षक प्रशांत निशाणदार और उनकी टीम ने की। कार्रवाई में स्थानीय अपराध अन्वेषण शाखा के साथ साइबर पुलिस थाने के कर्मचारी भी शामिल रहे।
गांजा तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश और गांजे की अंतिम सप्लाई के संबंध में पुलिस की जांच जारी है।

Loading comments...