कुपोषण के खिलाफ जंग में 3M फार्मूले पर कार्य करेंगे पोषण मित्र
मशीनों से नि:शुल्क स्तन कैंसर स्क्रीनिंग शिविर का होगा आयोजन
नागदा (निप्र )-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किए जा रहे 'सेवा संकल्प अभियान' के अंतर्गत नागदा-खाचरौद विधानसभा क्षेत्र में कुपोषण उन्मूलन के लिए एक अभूतपूर्व पहल की शुरुआत हुई है। स्थानीय विधायक डॉ. तेजबहादुर सिंह चौहान के मार्गदर्शन में एसडीएम रंजना पाटीदार एवं बीएम ओ डा संजीव कुमरावत ने इस नवाचार की नींव रखी, राजस्व , स्वास्थ्य, नगरपालिका एवं महिला बाल विकास विभाग का अंतर्विभागीय समन्वय द्वारा 'पोषण मित्र सेवा' का भव्य शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन-अर्चन से हुई। मुख्य अतिथि विधायक डॉ. तेजबहादुर सिंह चौहान, अध्यक्षता नगरपालिका अध्यक्षा श्रीमती संतोष गेहलोत, बीजेपी बिड़ला ग्राम मंडल अध्यक्ष प्रकाश जैन, नागदा मंडी मंडल अध्यक्ष विजय पटेल, सांसद प्रतिनिधि ओपी गेहलोत, नगर पालिका उपाध्यक्ष सुभाष शर्मा, छोटे मल्लाह, तहसीलदार मधु नायक, सीएमओ सतीश मटसेनिया, बीएमओ डॉ. संजीव कुमरावत, सीडीपीओ मुकेश वर्मा, सिविल अस्पताल नागदा से डा शिवानी आठे,डा सुहानी गुप्ता सहित अन्य गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में कार्यक्रम संपन्न हुआ।
कुपोषण के विरुद्ध 3M फार्मूला
दस्तक अभियान के दौरान चिन्हित अति-कुपोषित एवं कुपोषित बच्चों के उपचार हेतु एसडीएम रंजना पाटीदार की पहल और विधायक डॉ. चौहान के सुझाव पर इस समग्र योजना को तैयार किया गया। पोषण मित्र सेवा मुख्यतः 3M मॉडल पर कार्य करेगी:
मटेरियल (Material): पोषण मित्र द्वारा बच्चों को विशेष हाई-प्रोटीन, हाई-एनर्जी डाइट एवं पूर्ण स्वच्छता किट (हैंडवॉश, साबुन, नेल कटर, पेस्ट, ब्रश, टॉवल, तेल, कंघी) उपलब्ध कराई जाएगी।
मॉनिटरिंग (Monitoring): बच्चों की नियमित ग्रोथ, ऊंचाई (Height) एवं वजन (Weight) की ट्रैकिंग होगी।
मोटिवेशन (Motivation): परिजनों को संपूर्ण टीकाकरण, आयुष्मान कार्ड, लाड़ली लक्ष्मी योजना व अन्य शासकीय जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
माताओं से अपील: विशेष डाइट केवल प्रभावित बच्चे को ही दें
कार्यक्रम में विधायक डॉ. तेजबहादुर सिंह चौहान ने कुपोषण के सामाजिक व चिकित्सकीय कारणों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए संतुलित आहार व स्वच्छता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने उपस्थित माताओं से विशेष आग्रह किया कि “प्रशासन व स्वास्थ्य टीम द्वारा तैयार कराई गई यह विशेष हाई-प्रोटीन डाइट केवल चिन्हित कुपोषित बच्चे के उपभोग के लिए ही सुनिश्चित की जाए, ताकि बच्चा शीघ्र अति शीघ्र कुपोषण के चक्र से बाहर आ सके।”
अभियान के प्रथम चरण में आज 65 नन्हे-मुन्ने बच्चों को हाई-प्रोटीन, हाई-एनर्जी डाइट एवं स्वच्छता किट का वितरण कर योजना की विधिवत शुरुआत की गई। इस डाइट को शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. संदीप डुंगरवाल एवं पोषक प्रशिक्षण संजू पाटनकर के निर्देशन में एनआरसी नागदा की कुक ज्योति एवं उनकी टीम महिमा, संगीता, लक्ष्मी, मधु द्वारा तैयार किया गया है।
4 अक्टूबर को नि:शुल्क स्तन कैंसर स्क्रीनिंग शिविर
कार्यक्रम के दौरान बीजेपी मंडल अध्यक्ष प्रकाश जैन ने स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़ी एक अन्य बड़ी सौगात की घोषणा की। उन्होंने बताया कि 4 अक्टूबर (रविवार) को माधव पार्क, प्रकाश नगर, नागदा में अत्याधुनिक मशीन द्वारा स्तन कैंसर की नि:शुल्क स्क्रीनिंग हेतु शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने क्षेत्र की महिलाओं से अपील की कि वे 1 अक्टूबर को सिविल अस्पताल नागदा पहुंचकर अपना पूर्व रजिस्ट्रेशन अवश्य करा लें।
कौन करा सकता है स्क्रीनिंग?
30 वर्ष से अधिक आयु की सभी महिलाएं।
ऐसी महिलाएं जिन्हें स्तन में गांठ, दर्द, असामान्य आकार या निप्पल से स्राव की समस्या हो।
वे महिलाएं जिनके पारिवारिक इतिहास में स्तन कैंसर या अंडाशय (Ovarian) कैंसर का मामला रहा हो।
अंतर-विभागीय समन्वय की अनूठी मिसाल
कार्यक्रम को सफल बनाने में राजस्व विभाग, नगरपालिका, महिला एवं बाल विकास विभाग (सीडीपीओ मुकेश वर्मा), बच्चों को कार्यक्रम स्थल तक लाने में दलपत सिंह कछावा, बीसीएम श्रुतिका ,डाइट के लिए राशन की व्यवस्था एवं पेकेजिंग नितेश उपाध्याय, कार्यक्रम मेनेजमेंट अनोखी लाल प्रजापत, संतोष जोशी ने किया।नागदा शहर की समस्त एएनएम, आंगनबाड़ी सुपरवाइजर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी सहायिका आशा कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन शासकीय विद्यालय के एम एच मंसूरी सर ने किया, अनोखी लाल प्रजापत ने आभार व्यक्त किया।

Loading comments...