मुंबई:मुंबई के अंधेरी (पश्चिम) इलाके में खाली पड़ी जमीनों पर अवैध रूप से पक्के मकान और दुकानें बनाने का एक बड़ा मामला सामने आया है। शिवशक्ती सामाजिक संस्था ने इस संबंध में बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के के/पश्चिम विभाग के सहायक आयुक्त को एक लिखित शिकायत पत्र सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत पत्र के अनुसार, अंधेरी (पश्चिम) के आंबोली इलाके में स्थित लक्ष्मण पागे चाल 48 और मारकर चाल (जय भवानी माता रोड, म्हातारपाडा मनपा शाला रोड) की खुली जगह पर नियमों को ताक पर रखकर 15 पक्के घर और लोहे के शटर वाली दुकानें अवैध रूप से बनाई जा रही हैं।
अधिकारियों पर मिलीभगत और भ्रष्टाचार का आरोप
संस्था के प्रतिनिधि फुलचंद उबाले द्वारा दर्ज कराई गई इस शिकायत में बीएमसी के स्थानीय अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पत्र में कहा गया है कि सहायक अभियंता कुबेर शिंदे और डी.ओ. सचिन घेवडे को इस अवैध निर्माण की पूरी जानकारी है। नियमानुसार अवैध निर्माण शुरू होने के आठ दिन पहले नोटिस जारी किया जाना चाहिए था, लेकिन अधिकारियों ने ऐसा नहीं किया। संस्था का आरोप है कि इन अधिकारियों ने भू-माफियाओं के साथ मिलकर लाखों रुपये का भ्रष्टाचार किया है और मामले को उच्च अधिकारियों से छुपाया है।
अजय देवगन के बंगले का दिया हवाला
शिकायतकर्ता ने तंज कसते हुए कहा कि अभिनेता अजय देवगन के एक साधारण बंगले में हुए बदलाव पर तो मनपा तुरंत कार्रवाई करने पहुंच गई थी, लेकिन यहां खुली जगह पर 15 अवैध घर और दुकानें बनने के बावजूद अधिकारी मूकदर्शक बने हुए हैं। अगर इन अवैध निर्माणों पर तुरंत कार्रवाई नहीं की गई या कोर्ट से स्टे ऑर्डर मिल गया, तो यह साफ हो जाएगा कि वरिष्ठ अधिकारियों के संरक्षण में ही यह भ्रष्टाचार चल रहा है।
M.R.T.P. एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग
संस्था ने मांग की है कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए M.R.T.P. (महाराष्ट्र प्रादेशिक व नगर रचना) अधिनियम के तहत तुरंत एक्शन लिया जाए और इन सभी अवैध निर्माणों को जमींदोज (ध्वस्त) किया जाए। शिकायत के साथ अवैध निर्माण की तस्वीरें भी सबूत के तौर पर जोड़ी गई हैं। मनपा के/पश्चिम विभाग ने 21 अक्टूबर 2026 को इस शिकायत पत्र को स्वीकार कर लिया है और अब देखना यह होगा कि इस पर क्या कार्रवाई होती है।

Loading comments...