तेज रफ्तार का कहर : DJ लदे पिकअप ने ई-रिक्शा को रौंदा, 5 घायल, चालक फरार
ब्यूरो रिपोर्ट फरियाद अली
यू.पी. बहराइच। करनैलगंज-बहराइच मार्ग (SH-155) पर तेज रफ्तार का खूनी खेल देखने को मिला, जहां रानीपुर थाने से महज 200 मीटर की दूरी पर डीजे लादकर फर्राटा भर रहे एक अनियंत्रित पिकअप वाहन ने आगे चल रहे ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा सड़क पर पलट गया और चीख-पुकार मच गई। हादसे में नहाल पुत्र गोगा, हुमा पत्नी कलीम समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद पिकअप चालक वाहन समेत मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुर्घटना शाम करीब 4 से 4:30 बजे के बीच हुई। भग्गड़वा की तरफ से एक ई-रिक्शा सवारियों को लेकर बहराइच की ओर बढ़ रहा था। उसी दिशा में तेज गति से आ रहे डीजे लदे पिकअप के अगले हिस्से ने ई-रिक्शा को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पिकअप पर भारी साउंड सिस्टम लोड था और उसके ऊपर चार लोग भी बैठे हुए थे, जिसके चलते वाहन पूरी तरह असंतुलित था। आनन-फानन में आसपास मौजूद राहगीरों और ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर ई-रिक्शा में दबे घायलों को बाहर निकाला और नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
थाने से चंद कदमों की दूरी पर हुई इस दुस्साहसिक घटना के बाद पिकअप चालक तेज रफ्तार में गाड़ी भगा ले गया। दुर्घटना की पूरी लाइव तस्वीर पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद बताई जा रही है। घटना की सूचना पाकर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर फरार वाहन व चालक की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है।

Loading comments...