ठाणे:महाराष्ट्र के ठाणे में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाली एक बड़ी वारदात सामने आई है। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के ठाणे विभाग प्रमुख प्रदीप पूर्णेकर की मंगलवार रात अज्ञात हमलावरों ने उनके कार्यालय के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद से पूरे ठाणे और विशेषकर मानपाडा व मनोरमानगर इलाके में भारी तनाव का माहौल बना हुआ है
कार्यालय के बाहर घात लगाकर किया हमला
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना मंगलवार रात करीब 9:30 बजे मानपाडा के गजानन नगर स्थित उनके कार्यालय के पास हुई। बताया जा रहा है कि चेहरे पर रुमाल और मास्क बांधे कुछ हमलावर वहां पहुंचे। उन्होंने पहले प्रदीप पूर्णेकर के साथ मारपीट की और फिर उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने करीब 4 से 7 राउंड गोलियां चलाईं, जिसमें से दो से अधिक गोलियां सीधे पूर्णेकर को लगीं।
अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
गोलीबारी के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से जख्मी हालत में प्रदीप पूर्णेकर को तुरंत घोडबंदर रोड पर स्थित इन्फिनिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
पुरानी रंजिश और राजनीतिक विवाद का शक
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की आला अधिकारी और फोरेंसिक टीमें मौके पर पहुंचीं। पूर्णेकर के परिवार ने आरोप लगाया है कि यह हत्या पुरानी रंजिश और कुछ स्थानीय क्लस्टर विकास योजनाओं से जुड़े राजनीतिक विवादों के चलते की गई है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जांच तेज कर दी है। क्राइम ब्रांच और कपूरबावड़ी पुलिस स्टेशन की टीमों ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए 2 संशयितों को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और नाकाबंदी कर दी गई है।

Loading comments...