ठाणे: माजीवाडा इलाके से महज चार महीने की एक मासूम बच्ची के अपहरण की सनसनीखेज घटना सामने आई थी। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था। हालांकि, चितलसर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 10 घंटे के भीतर जांच पूरी कर बच्ची को सुरक्षित ढूंढ निकाला। इस मामले में एक 52 वर्षीय महिला को हिरासत में लिया गया है, और अपहृत बच्ची को सुरक्षित उसकी मां को सौंप दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता छोगालाल मांगीलाल वानिया (उम्र 27 वर्ष) ने इस संबंध में चितलसर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। उनकी शिकायत के मुताबिक, 7 नवंबर को सुबह 5 से 7 बजे के बीच माजीवाडा ब्रिज के नीचे स्थित पेट्रोल पंप के सामने से किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी चार महीने की नन्ही बेटी का अपहरण कर लिया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137 (2) के तहत मामला दर्ज किया।
पुलिस आयुक्तालय और पुलिस उपायुक्त के मार्गदर्शन में जोन-5 की 5 अलग-अलग पुलिस टीमों को जांच के लिए लगाया गया। इन टीमों ने घटनास्थल के आसपास, कापूरबावड़ी, ठाणे रेलवे स्टेशन और कलवा इलाके के सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचनाओं के आधार पर सघन तलाशी अभियान चलाया। आखिरकार, तकनीकी जांच के दम पर पुलिस ने महज दस घंटे के भीतर बच्ची का सुराग लगा लिया और 52 वर्षीय आरोपी महिला को धर दबोचा। बच्ची को सुरक्षित माता-पिता को सौंपे जाने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली है, और पुलिस की इस मुस्तैदी की हर तरफ सराहना हो रही है।

Loading comments...