ठाणे: ठाणे पुलिस की अपराध शाखा (क्राइम ब्रांच) ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में करोड़ों रुपये की कीमत रखने वाली व्हेल मछली की उल्टी (Ambergris) की अवैध बिक्री करने आए दो लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 2 किलो 620 ग्राम वजन का एम्बरग्रीस बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 2 करोड़ 72 लाख रुपये बताई जा रही है।
क्राइम ब्रांच (यूनिट-1) के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अनिल शिंदे के मार्गदर्शन में पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर पुलिस ने 5 अक्टूबर की रात ठाणे पश्चिम के जांभली नाका इलाके में स्थित हाइलैंड रेसिडेंसी लॉज के पास जाल बिछाया। इस दौरान वहां दो संदिग्ध व्यक्ति घूमते हुए दिखाई दिए, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान मयूर विश्वास पाटिल (निवासी- कोल्हापुर) और मीनाद्री मधुकर मोहिते (निवासी- सिंधुदुर्ग) के रूप में हुई है। जब पुलिस ने उनकी तलाशी ली, तो उनके पास से 2 किलो 620 ग्राम एम्बरग्रीस बरामद हुआ।
इत्र बनाने में होता है इस्तेमाल, वन्यजीव अधिनियम के तहत मामला दर्ज
शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में एम्बरग्रीस की भारी मांग है, क्योंकि इसका इस्तेमाल उच्च गुणवत्ता वाले इत्र (Perfume) और सुगंधित उत्पाद बनाने के लिए किया जाता है। एम्बरग्रीस वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत संरक्षित है और इसे बिना अनुमति के पास रखना या बेचना पूरी तरह से अवैध है।
ठाणे नगर पुलिस स्टेशन में दोनों आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। इस मामले की आगे की जांच पुलिस उपनिरीक्षक सुभाष मोरे कर रहे हैं।

Loading comments...