मुंबई (अंधेरी पश्चिम):वर्सोवा गांव, यारी रोड और मढ़ क्षेत्र के हजारों स्थानीय निवासियों को डाक और बैंकिंग से जुड़ी सेवाओं के लिए भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विगत कई वर्षों से वर्सोवा गांव में स्थित एकमात्र पोस्ट ऑफिस बंद पड़ा है, जिसके कारण स्थानीय लोगों को अपने छोटे-छोटे कामों के लिए भी काफी दूर स्थित डी.एन. नगर पोस्ट ऑफिस जाना पड़ता है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि डी.एन. नगर पोस्ट ऑफिस की दूरी अधिक होने और ट्रैफिक के कारण आने-जाने में घंटों समय बर्बाद होता है। इससे खास तौर पर वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और दैनिक कामकाज करने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
क्षेत्र की इस गंभीर समस्या को देखते हुए वर्सोवा गांव के निवासी और वंचित बहुजन आघाडी के नेता जगन्नाथ गायकवाड ने संबंधित डाक विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों से इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने अधिकारियों से अपील की है कि वर्सोवा गांव की बढ़ती जनसंख्या और जनसमुदाय की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यहां जल्द से जल्द एक नया पोस्ट ऑफिस शुरू किया जाए।
जगन्नाथ गायकवाड का कहना है कि वर्सोवा गांव, यारी रोड और मढ़ क्षेत्र में बड़ी आबादी निवास करती है, इसलिए स्थानीय स्तर पर पोस्ट ऑफिस की सुविधा होना अत्यंत आवश्यक है। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से इस मांग पर जल्द सकारात्मक कदम उठाने की उम्मीद जताई है।

Loading comments...