नानपारा में लूट के आरोपी से पुलिस की मुठभेड़, गोली लगने से एक गिरफ्तार, दूसरा फरार

नानपारा में लूट के आरोपी से पुलिस की मुठभेड़, गोली लगने से एक गिरफ्तार, दूसरा फरार
बहराइच। नानपारा थाना क्षेत्र में लूट की घटना के खुलासे के दौरान नानपारा पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक अभियुक्त के पैर में गोली लग गई, जिसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार 8 दिसंबर 2025 को नानपारा थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति से मोटरसाइकिल व 5100 रुपये की लूट की घटना हुई थी। इस मामले में थाना नानपारा पर मु0अ0सं0 537/2025 धारा 309(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मंगलवार को मुखबिर से सूचना मिली कि घटना से जुड़े दो अभियुक्त लूटी गई मोटरसाइकिल के साथ नेपाल सीमा की ओर भागने की फिराक में हैं।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नानपारा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हाड़ा बसेरी नहर के पास पुलिया पर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरा मौके से फरार हो गया।
घायल अभियुक्त ने अपना नाम दीपक कश्यप निवासी जनपद श्रावस्ती बताया। उसके कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, एक तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस ने घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। फरार अभियुक्त की तलाश में पुलिस टीमें लगातार कॉम्बिंग कर रही हैं। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
