शिवसेना ने किया `जालना’ कांड को उजागर…अर्जुन खोतकर का `वसूलीमैन’ निलंबित………..

admin

मुंबई..शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) द्वारा विधानमंडल की अनुमान समिति के अध्यक्ष व भाजपा विधायक अर्जुन खोतकर के धुले में वसूली के `जालना’ कांड को उजागर करने के बाद महाराष्ट्र में सनसनी मच गई है। इसके चलते खोतकर के पीए किशोर पाटील को सरकारी सेवा से निलंबित कर दिया गया है। इस बीच पुलिस और राजस्व अधिकारियों ने बुधवार रात गुलमोहर गेस्ट हाउस के कमरा नंबर १०२ का ताला तोड़ा तो वहां १.८४ करोड़ रुपए नकद मिला। बुधवार को पूरे दिन में कम से कम साढ़े पांच करोड़ रुपए जमा किए गए थे, जिनमें से साढ़े तीन करोड़ लेकर किशोर पाटील पजेरो से फरार हो गया। यह १५ करोड़ रुपए का डील था। कहा जा रहा है कि यह पूरी रकम जालना में खोतकर के दफ्तर में जाने वाली थी।

अनुमान समिति के अध्यक्ष अर्जुन खोतकर समेत ११ सदस्य विकास कार्यों का निरीक्षण करने के लिए तीन दिनों के दौरे पर धुले में थे। बुधवार दोपहर मुंबई-आगरा हाइवे पर एक प्राइवेट होटल के सभागार में समिति की बैठक हुई। इस दौरे से छह दिन पहले ही खोतकर के निजी सहायक किशोर पाटील ने गुलमोहर सरकारी गेस्ट हाउस में कमरा नंबर १०२ बुक करवाया था। विकास कार्यों में गड़बड़ी के नाम पर इस कमरे को वसूली का अड्डा बना दिया गया। बुधवार को भी एक तरफ बैठक चल रही थी, तो दूसरी तरफ इस कमरे में ठेकेदारों और अधिकारियों ने करीब साढ़े पांच करोड़ रुपए की थैलियां पहुंचार्इं। शिवसेना के पूर्व विधायक अनिल गोटे और जिला प्रमुख अतुल सोनवणे को इस वसूली की भनक लगी और इस कांड का भंडाफोड़ हुआ।

अब तक हुई है १०० करोड़ रुपए की वसूली-संजय राऊत

शिवसेना नेता व सांसद संजय राऊत ने आरोप लगाया कि जिसके नाम पर कमरा बुक था, उसके खिलाफ केस दर्ज कर ईडी या सीबीआई को यह मामला सौंपना चाहिए। पिछले एक साल में अनुमान समिति की कई बैठकें हुर्इं। इस तरह से कैसे पैसा जमा हुआ, यह सामने आना चाहिए। अब तक समिति के अध्यक्ष अर्जुन खोतकर ने १०० करोड़ रुपए जमा किए हैं। अगर आप ईमानदार हैं तो उन्हें गिरफ्तार करें। संजय राऊत ने कहा कि १५ करोड़ रुपए समिति अध्यक्ष को देने का डील हुआ था। साढ़े पांच करोड़ जमा हो चुके थे। बाकी साढ़े नौ करोड़ अगले दो दिनों में जमा होने थे। अर्जुन खोतकर ने धमकी दी थी कि अगर पैसा नहीं दिया गया, तो सभी ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट कर दिया जाएगा। साथ ही उनके खिलाफ केस दर्ज करने की सिफारिश की जाएगी। इसके बाद पैसा जमा होना शुरू हुआ।

शिवसेना का रातभर डेरा

शिवसेना कार्यकर्ताओं ने रातभर गेस्ट हाउस में डेरा डाल दिया। पुलिस और राजस्व अधिकारियों की कार्रवाई पूरी होने तक किसी ने हार नहीं मानी। इस दौरान गेस्ट हाउस के बाहर भी भीड़ जमा हो गई थी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *