युवाओं की जिंदगी लील रहा गुजरात का गुटखा… पुलिस कर रही है जमकर हफ्ता वसूली..

admin

युवाओं की जिंदगी लील रहा गुजरात का गुटखा… पुलिस कर रही है जमकर हफ्ता वसूली………..

मुंबई…महाराष्ट्र में गुटखे पर प्रतिबंध के बावजूद खुलेआम इसकी बिक्री हो रही है। दूसरी ओर पुलिस दुकानदारों से वसूली कर मालामाल हो रही है। बताया जाता है कि महाराष्ट्र के युवाओं को कहीं और का नहीं, बल्कि गुजरात का गुटखा बर्बाद कर रहा है। असल में गुजरात में गुटखा पर प्रतिबंध नहीं है, इसलिए वहां का गुटखा तस्करी कर महाराष्ट्र में लाया जाता है और यहां महंगे दामों में बेचा जा रहा है। उल्लेखनीय है कि प्रतिबंधित गुटखा की सरेआम खरीद-फरोख्त होने के बावजूद महाराष्ट्र सरकार गुटखा तस्करी पर रोक लगाने में पूरी तरह विफल नजर आ रही है। सबसे अहम बात यह है कि गुजरात के गुटखा से महाराष्ट्र के युवाओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ तो हो ही रहा है दोगुना दाम देकर गुटखा खरीदने से उनकी जेब भी ढीली हो रही है।

हर चेकनाके पर गुटखा तस्करों से पुलिस का हफ्ता

चोरी छिपे गुटखा बेचने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई करने के बजाय पुलिस उनसे हफ्ता वसूली करती है। एक दुकानदार ने बताया पुलिस छोटे दुकानदारों से ५ हजार तो बड़े से १० हजार रुपए का हर महीने हफ्ता लेती है। इसके अलावा इलाके में होलसेल में सप्लाई करने वाले से पुलिस ५ लाख से ७ लाख महीने का हफ्ता लेती है। नाम न बताने की शर्त पर एक व्यक्ति ने बताया गुजरात से ट्रकों और टेंपो में माल भर कर भिवंडी के बड़े गोडाउन में तस्करी का माल उतारा जाता है और वहीं से मुंबई और महाराष्ट्र में सप्लाई किया जाता है।

व्यक्ति ने बताया ऐसा नहीं कि पुलिस को पता नहीं है कि गुटखा कहां से आता है और कहां उतरता है, लेकिन मोटी रकम मिलने से वह अपनी आंखे मूंदकर बैठी रहती है। पिछले दो महीनों में एंटी नार्कोटिक विभाग ने मुंबई, नवी मुंबई और ठाणे से तकरीबन १० करोड़ रुपए का गुटखा जब्त किया है। अन्य एक शख्स का कहना है कि थोड़ा बहुत माल जब्त करना यह एक महज दिखावा है। खरबों रुपए के गुटखे की तस्करी हो रही है उस पर पुलिस क्यों नहीं कार्रवाई करती है। सबसे हैरानी की बात तो यह है कि तस्कर मवेशियों के परिवहन वाहन में गुटखे की सप्लाई कर रहे हैं, लेकिन उनके खिलाफ कोई एक्शन नहीं हो रहा है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *