मुंबई..मुंबई में इन दिनों मानसून से पहले की नाला सफाई चल रही है। बारिश में परेशानी से बचने के लिए शुरू की गई नाला सफाई शहरवासियों की परेशानी का कारण बन गई है। नाला सफाई के बाद निकाला गया मलबा और कचरा सड़कों पर छोड़ दिया गया है, जिससे दुर्गंध आ रही है और राह चलते लोगों को दिक्कत हो रही है। वहीं कुछ नाले ऐसे हैं, जिनमें अभी भी कचरा भरा हुआ है।
ऐसा ही एक नाला अंधेरी-पश्चिम स्थित जीवन नगर में है। यह नाला कचरे से भरा हुआ है। जहां तक नजर जाती है, कचरा ही कचरा दिखाई देता है। लोगों का आरोप है कि मनपा ने यहां अब तक सफाई शुरू नहीं की है। मानसून में अब ३०-४० दिन ही रह गए हैं और नाले की सफाई शुरू भी नहीं हो पाई है। अगर यही हाल रहा तो यहां के लोगों को काफी दिक्कत हो सकती है। मनपा की धीमी नाला सफाई का खामियाजा मुंबईकरों को अक्सर झेलना पड़ता है। इसके बाद भी हर साल देर से और आधी-अधूरी सफाई होती है।
दूसरी तरफ, अंधेरी-पश्चिम के ही डीएन नगर इलाके में नाला सफाई तो हो गई है, लेकिन उससे निकला मलबा सड़क पर छोड़ दिया गया है। इसकी वजह से लोग यहां से नाक बंद करके निकल रहे हैं। यही नहीं, यह मलबा सड़क पर पैâल जाता है, जिससे वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को मुश्किल होती है। सिर्फ अंधेरी ही नहीं, शहर के कई इलाकों का यही हाल है। एक तरफ मनपा सफाई कर रही है, तो दूसरी तरफ सड़कों पर कचरा छोड़कर शहर को गंदा भी कर रही है। यह मनपा अधिकारियों की अनदेखी और ठेकेदार की लापरवाही का नतीजा है। लाल-फीताशाही के चलते हर साल मुंबईकरों को बारिश के दिनों में मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।
